Breaking
Fri. Mar 6th, 2026

पटेलनगर में ठेकाकर्मी के घर लाखों की चोरी, रात में ताला तोड़कर ले उड़े नकदी व जेवर

जमशेदपुर। गोविंदपुर थाना क्षेत्र के पटेलनगर रोड नंबर-4 में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने लाफार्ज कंपनी के ठेकाकर्मी कृष्णा प्रसाद के क्वार्टर को निशाना बनाते हुए ताला तोड़कर नकद रुपये और सोने-चांदी के आभूषण समेत करीब तीन लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार क्वार्टर संख्या-14 में रहने वाले कृष्णा प्रसाद अपने परिवार के साथ रहते हैं। बीती रात वह अपने भाई योगेंद्र प्रसाद और दोनों परिवारों के सदस्यों के साथ ऊपर की मंजिल पर सो रहे थे। इसी दौरान सुनसान माहौल का फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और घर में प्रवेश कर गए। चोर सीधे नीचे वाली मंजिल में स्थित कृष्णा प्रसाद के हिस्से में पहुंचे और सभी कमरों की तलाशी ली। अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखी नकद राशि और कीमती जेवरात चोरी कर लिए।

चोरी की जानकारी बुधवार तड़के करीब चार बजे उस समय हुई, जब कृष्णा प्रसाद की पत्नी ऊपर से नीचे आईं। उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है और घर का सामान बिखरा पड़ा है। इसके बाद उन्होंने शोर मचाया, जिससे पूरे परिवार को घटना की जानकारी हुई।

सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घर का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि चोरों का पता लगाया जा सके। पीड़ित कृष्णा प्रसाद के बयान पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

वहीं, उनके भाई योगेंद्र प्रसाद, जो टाटा मोटर्स में ठेकाकर्मी हैं, ने बताया कि सभी लोग एक साथ सो रहे थे, इसी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related Post