कोडरमा । झुमरीतिलैया शहर में चोरी की हो रही लगातार घटनाओं पर रोक लगाने में पुलिस विफल हो रही है। कई बड़े मामलों का उद्भेदन नहीं हो पाया है। इधर तिलैया थाना अंतर्गत देवी मंडप रोड स्थित एक बैंक कर्मी के खाली पड़े घर को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों के जेवरात सहित नगदी की चोरी कर ली। रिटायर्ड बैंक कर्मी संजय घोष 25 दिन पहले अपनी पत्नी के साथ रांची स्थित अपनी पुत्री व दामाद के पास गए हुए थे। वे झुमरीतिलैया स्थित देवी मंडप रोड में उनके घर के बगल में रहने वाले संदीप मुखर्जी को अपने घर की चाभी दे गए थे। शनिवार की रात करीब 9 बजे उनके एक पड़ोसी ने संदीप मुखर्जी को बताया कि संजय घोष के घर के पिछले हिस्से का दरवाजा खुला हुआ है। जिसके बाद संदीप मुखर्जी अपनी पत्नी के साथ वहां पहुंचे और दरवाजे को बंद किया। साथ ही वे घर के दूसरे हिस्से में बनी गली से वापस बाहर की ओर आ रहे थे, इसी दौरान उन्होंने देखा कि वहां स्थित एक खिड़की के लोहे का ग्रिल खुला हुआ था और खिड़की भी खुली हुई थी। संदेह होने पर उन्होंने खिड़की के अंदर झांक कर देखा तो पाया कि उक्त कमरे का सारा सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने इसकी सूचना मकान मालिक व तिलैया थाना को दी। जिसके बाद तिलैया थाना के पैंथर के जवान वहां पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू कर दी। संदीप मुखर्जी की पत्नी ने बताया कि शनिवार की सुबह उनके घर आई कामवाली बाई ने बताया कि उनके घर का मुख्य दरवाजा बाहर से बंद था। हालांकि उन्हें अंदाजा नहीं लगा कि किसी ने इस घटना को अंजाम देने के ख्याल से ऐसा किया है, उन्हें लगा कि किसी ने उनके साथ मजाक किया है। इधर घटना की जानकारी मिलने के पश्चात गृहस्वामी अपनी पत्नी, पुत्री और दामाद के साथ रविवार देर शाम झुमरीतिलैया स्थित अपने आवास पहुंचे। उन्होंने देखा कि घर के दो अलग-अलग कमरों में रखा अलमीरा खुला हुआ था तथा उसमें रखा सारा सामान कमरे में बिखरा पड़ा था। जब उनके द्वारा गहनता से जांच की गई तो पाया कि उक्त अलमीरा में रखा सारा जेवरात (अनुमानित कीमत करीब 14 लाख रुपए) तथा 50 हजार रुपए गायब थे। मामले में गृहस्वामी के दामाद सोमेश्वर घोष ने देर शाम तिलैया थाना में इसकी लिखित शिकायत की है। पुलिस घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

