Breaking
Fri. Mar 6th, 2026

खनन टास्क फोर्स की कार्रवाई में चार वाहन जब्त, चार अभियुक्त गिरफ्तार, प्राथमिकी दर्ज

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देशानुसार खनन टास्क फोर्स द्वारा लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला खनन कार्यालय की टीम ने 22 दिसंबर की रात्रि को विशेष छापेमारी अभियान चलाते हुए चार वाहनों को जब्त किया है और चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

छापेमारी के दौरान पोटका थाना क्षेत्र में बिना वैध परिवहन चालान के गिट्टी का परिवहन करते हुए वाहन संख्या JH05AQ-1554 को पकड़ा गया। जांच में दस्तावेज सही नहीं पाए जाने पर उक्त वाहन को जब्त कर पोटका थाना को सुपुर्द किया गया, जहां संबंधित धाराओं के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई।

वहीं दूसरी ओर, जुगसलाई थाना क्षेत्र में बिना वैध परिवहन चालान के बालू का अवैध परिवहन करते हुए तीन हाईवा वाहन जब्त किए गए। जब्त किए गए वाहनों के निबंधन संख्या JH05CF-3790, JH05AK-8879 एवं JH05CP-3914 हैं। पूछताछ के दौरान वाहन चालकों ने बताया कि वे सरायकेला-खरसावां जिले के तिरुलडीह क्षेत्र से बालू उठाकर जमशेदपुर में खपत के लिए ला रहे थे। इसके बाद तीनों हाईवा वाहनों के चालक एवं एक उपचालक, कुल चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जुगसलाई थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज कारोबारियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है और आगे भी ऐसे तत्वों के खिलाफ सघन छापेमारी एवं कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Post