Breaking
Tue. Apr 7th, 2026

कदमा के अनिल सुरपथ निवासियों को पानी के लिए जूझना पड़ रहा, आधा किलोमीटर दूर से ढोना पड़ रहा पानी

जमशेदपुर। कदमा स्थित अनिल सुरपथ इलाके के निवासी पिछले कई दिनों से गंभीर जल संकट का सामना कर रहे हैं। 17 अक्टूबर से क्षेत्र में सप्लाई पानी का पाइप खराब होने के कारण नियमित जलापूर्ति पूरी तरह ठप है, जिससे लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। पीने, नहाने, खाना पकाने और कपड़े धोने जैसे रोजमर्रा के कार्यों के लिए भी लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पानी की सप्लाई बाधित होने के बाद जुस्को की ओर से टैंकर के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जा रहा है, लेकिन यह व्यवस्था भी नाकाफी साबित हो रही है। टैंकर समय पर नहीं पहुंचता और जब आता भी है तो सीमित मात्रा में पानी मिलता है। पानी लेने के लिए महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को अपने जरूरी काम छोड़कर लंबी कतारों में लगना पड़ता है। बाल्टी और डिब्बों में पानी भरकर लोगों को लगभग आधा किलोमीटर तक पैदल चलकर घर ले जाना पड़ रहा है, जो खासकर बुजुर्गों और महिलाओं के लिए बेहद मुश्किल भरा काम है।

इलाके के निवासियों का कहना है कि जुस्को की ओर से अब तक खराब पाइप को ठीक करने की ठोस कोशिश नहीं की गई है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। पानी की कमी के कारण घरों में खाना बनाना तक मुश्किल हो गया है, वहीं साफ-सफाई और स्नान जैसी आवश्यक जरूरतें भी प्रभावित हो रही हैं। बच्चों की पढ़ाई और लोगों के रोजमर्रा के कामकाज पर भी इसका सीधा असर पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों में इस स्थिति को लेकर गहरा आक्रोश है। उनका कहना है कि अगर जल्द ही पाइपलाइन की मरम्मत कर नियमित जलापूर्ति बहाल नहीं की गई, तो वे मजबूर होकर आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। निवासियों ने संबंधित विभाग और जुस्को प्रबंधन से मांग की है कि समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल खराब पाइप को दुरुस्त किया जाए और क्षेत्र में सुचारू रूप से पानी की सप्लाई सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को इस परेशानी से जल्द राहत मिल सके।

Related Post