सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज़ ने व्यापारियों के बीच छोटे मूल्यवर्ग के सिक्कों की लगातार बनी कमी को देखते हुए सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, बिसटुपुर, जमशेदपुर के सहयोग से अपने सदस्यों के बीच कुल ₹5,00,000 (पाँच लाख रुपये) मूल्य के ₹2, ₹5, ₹10 एवं ₹20 के सिक्कों का वितरण किया।
इस अवसर पर चैम्बर के अध्यक्ष श्री मानव केडिया ने कहा कि चैम्बर को अपने सदस्यों से निरंतर यह शिकायतें प्राप्त हो रही थीं कि बाजार में छोटे मूल्यवर्ग के सिक्कों की कमी के कारण उन्हें ग्राहकों के साथ लेन-देन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या के समाधान हेतु सिंहभूम चैम्बर पिछले एक माह से अधिक समय से रिज़र्व बैंक ऑफ इंडिया, मुंबई, रिज़र्व बैंक ऑफ इंडिया, पटना तथा विभिन्न स्थानीय बैंकों के साथ लगातार संपर्क में रहा है।
अध्यक्ष ने बताया कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने चैम्बर के आग्रह को गंभीरता से लेते हुए ₹5 लाख मूल्य के सिक्के उपलब्ध कराए, जिन्हें आज सफलतापूर्वक चैम्बर सदस्यों के बीच वितरित किया गया। उन्होंने छोटे मूल्यवर्ग के सिक्कों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के प्रति आभार व्यक्त किया। श्री केडिया ने कहा कि सिंहभूम चैम्बर पूर्व में भी विभिन्न बैंकों के सहयोग से इस प्रकार के सिक्का वितरण कार्यक्रम आयोजित करता रहा है और भविष्य में भी व्यापारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऐसे प्रयास जारी रखेगा।
इस वितरण कार्यक्रम को सफल बनाने में चैम्बर सचिव श्री भरत मकानी की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने इतनी बड़ी राशि के सिक्कों को बैंक से संग्रह कर सुरक्षित रूप से परिवहन के माध्यम से चैम्बर तक पहुँचाने की व्यवस्था की। अध्यक्ष ने इसके लिए उन्हें विशेष धन्यवाद दिया।
सिक्का वितरण कार्यक्रम में मानद महासचिव श्री पुनीत कांवटिया, उपाध्यक्ष श्री अनिल मोदी, अधिवक्ता श्री राजीव अग्रवाल, श्री अभिषेक अग्रवाल (गोल्डी), श्री हर्ष बाकरेवाल, सचिव श्री अंशुल रिंगसिया, श्री बिनोद शर्मा, श्री सुरेश शर्मा (लिपु) तथा कोषाध्यक्ष सीए अनिल रिंगसिया का विशेष योगदान रहा।

