बोकारो। सेक्टर-4 थाना क्षेत्र में ठगी की एक बड़ी वारदात का बोकारो पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए शातिर ठग को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने कथित रूप से फर्जी पहचान बनाकर एक महिला से जेवरात व नकदी ठग ली थी। बोकारो एसपी हरविंदर सिंह ने प्रेस वार्ता कर बताया दिनांक 12.12.2025 को कतरास मेन रोड, कतरासगढ़ (धनबाद) निवासी अंजली सिन्हा, पति अमित कुमार वर्मा से आरोपी संकल्प कुमार ने आदित्य होटल के सामने छलपूर्वक जेवरात एवं 30,000 रुपये नकद लेकर फरार हो गया था। इस संबंध में सेक्टर-4 थाना कांड संख्या 124/2025, दिनांक 16.12.2025 को दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बोकारो के निर्देश पर नगर डीएसपी आलोक रंजन के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। तकनीकी शाखा बोकारो एवं पटना के सहयोग से आरोपी की पहचान कर उसे धर-दबोचा गया।
— ज्वेलर्स की मिलीभगत भी उजागर :
जांच के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पटना के फतुहा स्थित शशि ज्वेलर्स से ठगी के जेवरात बरामद किए गए। आरोपी द्वारा सोने को गलवा दिया गया था, जिसे गली हुई अवस्था में जब्त किया गया। इस मामले में ज्वेलर्स के मालिक सूर्यकांत सोनी को भी गिरफ्तार किया गया है।
— अपराध की शातिर शैली :
गिरफ्तार आरोपी संकल्प कुमार उर्फ गोलु स्वयं को कभी बैंक मैनेजर, कभी एयरफोर्स पदाधिकारी तो कभी सचिवालय कर्मी बताकर भोली-भाली महिलाओं को प्रेमजाल में फंसाता और फिर ठगी को अंजाम देता था।
— गिरफ्तार आरोपी :
गिरफ्तार आरोपी में संकल्प कुमार उर्फ गोलु, पिता स्व. जितेंद्र सिंह, निवासी फतुहा राणा टोला, थाना फतुहा, जिला पटना (बिहार) और सूर्यकांत सोनी, उम्र लगभग 23 वर्ष, पिता केदारनाथ, निवासी मोसीमपुर कुरथा, थाना फतुहा, जिला पटना (बिहार) शामिल है।
— बरामद व जब्त सामग्री:
पुलिस ने आरोपी के पास से कुल एक लाख पचहत्तर हजार रुपये नकद, 22.72 ग्राम गला हुआ सोना और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपी संकल्प कुमार का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ फतुहा थाना में वर्ष 2016 और 2022 में गंभीर धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं।
— छापामारी दल में शामिल अधिकारी :
छापामारी दल में पुअनि मुन्ना रमानी सेक्टर-4 थाना, पुअनि विनोद कुमार SIU/DIU पटना, सअनि अखिलेश्वर सिंह – सेक्टर-4 थाना, सअनि बसंत टोप्पो एससी/एसटी थाना, सेक्टर-4, आरक्षी हरिश्चंद्र राम रिजर्व गार्ड, सेक्टर-4, आरक्षी अभिनिश कुमार पटना शामिल थे।

