जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के कोवाली थाना क्षेत्र में अवैध जुए की गतिविधियों पर पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। हरिओम नगर के पीछे स्थित एक खुले स्थान पर बड़े पैमाने पर जुआ खेले जाने की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापामारी अभियान चलाया गया।
रविवार देर रात गठित छापामारी दल का नेतृत्व स्वयं कोवाली थाना प्रभारी धनंजय कुमार पासवान ने किया। पुलिस के मौके पर पहुंचते ही जुआ खेल रहे लोग खुले स्थान का फायदा उठाकर अंधेरे का सहारा लेते हुए फरार हो गए। हालांकि छापेमारी के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से सात मोटरसाइकिल, 530 रुपये नकद और ताश के दो बंडल बरामद किए।
इस मामले में कोवाली पुलिस ने सात लोगों को नामजद करते हुए करीब 15 अज्ञात जुआरियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस अब फरार आरोपियों की पहचान करने में जुटी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
सोमवार को थाना प्रभारी धनंजय कुमार पासवान ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में जुआ समेत किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और जुए में शामिल किसी भी व्यक्ति को छोड़ा नहीं

