Breaking
Thu. Mar 5th, 2026

ट्रैक्टर चालक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, परिजनों में मचा कोहराम

लोहरदगाः लोहरदगा जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम इरगांव निवासी ट्रैक्टर चालक श्याम उरांव (उम्र लगभग 33 वर्ष), पिता स्वर्गीय सोमरा उरांव की संदिग्ध अवस्था में मृत्यु हो गई। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्याम उरांव रात लगभग 2 बजे अपने घर से ट्रैक्टर चलाने के लिए निकले थे। कुछ समय बाद उनके भाई मंटू उरांव को फोन के माध्यम से सूचना दी गई कि श्याम को चोट लगी है और उनका पैर टूट गया है। सूचना मिलते ही मंटू उरांव अपने साथियों के साथ घटनास्थल की ओर रवाना हुए। इसी दौरान रास्ते में ट्रैक्टर मालिक बिरसा उरांव एवं अन्य लोग श्याम उरांव को एक स्कॉर्पियो वाहन से लेकर आ रहे थे। जब मंटू उरांव ने श्याम को देखा तो पाया कि उनके पैर में नहीं, बल्कि सिर में गंभीर चोट लगी हुई थी और उनकी हालत अत्यंत नाजुक थी। इसके बाद उन्हें तत्काल सदर अस्पताल, लोहरदगा लाया गया, जहां चिकित्सकों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई मंटू उरांव ने बताया कि घटना कैसे हुई, इसकी उन्हें कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि श्याम उरांव की मौत किन परिस्थितियों में हुई। बताया जाता है कि श्याम उरांव अविवाहित थे और परिवार के सहारे थे। उनकी अचानक हुई मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Related Post