जमशेदपुर। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत साई मंदिर के पास ट्रैफिक जांच के दौरान एक दंपती के साथ कथित अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। घटना में स्कूटी सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद मौके पर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई और लोगों ने जमकर विरोध जताया।
जानकारी के अनुसार आदित्यपुर निवासी विशाल कुमार अपनी पत्नी के साथ स्कूटी से सोनारी से आदित्यपुर की ओर जा रहे थे। इस दौरान विशाल ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। साई मंदिर के समीप ट्रैफिक जांच में तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोका। दंपती का आरोप है कि इसी दौरान एक ट्रैफिक जवान ने धक्का दे दिया, जिससे स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में स्कूटी पर सवार महिला को गंभीर चोटें आईं।
घटना को देखते ही आसपास मौजूद राहगीर और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और हंगामा शुरू हो गया। सूचना मिलने पर बिष्टुपुर ट्रैफिक प्रभारी राकेश सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालते हुए लोगों को शांत कराया। उन्होंने पूरे मामले की जांच कराने और दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मी के खिलाफ उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

