जमशेदपुर। साकची थाना क्षेत्र के पुराने जेल परिसर के समीप शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जब तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने एक स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शनिवार करीब 2:30 बजे कार अत्यधिक तेज गति से आ रही थी। अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार ने स्कूटी संख्या JH05DL-5630 को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित रहा।
हादसे के बाद कार सवारों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल स्कूटी सवार को अपने ही वाहन से अस्पताल पहुंचाया, जिससे समय पर इलाज मिल सका। डॉक्टरों के अनुसार घायल की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार व स्कूटी को जब्त कर लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दुर्घटना किन कारणों से हुई।

