चांडिल। सरायकेला खरसावां जिला स्थित चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-33 किनारे कांदरबेड़ा स्थित स्वर्णरेखा नदी से शुक्रवार की सुबह एक 45 वर्षीय अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। नदी में शव देखे जाने के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने इसकी सूचना चांडिल थाना को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
सूचना मिलते ही चांडिल थाना प्रभारी डिल्सन बिरुवा पुलिस बल के साथ कांदरबेड़ा पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया।
थाना प्रभारी डिल्सन बिरुवा ने बताया कि फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। उसकी शिनाख्त के लिए आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है और स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक जांच में महिला की मौत डूबने से होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार शव पर किसी भी प्रकार के चोट या जख्म के निशान नहीं पाए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

