Breaking
Wed. Mar 4th, 2026

कदमा में महाबीर मंदिर चोरी कांड का खुलासा, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

जमशेदपुर। कदमा थाना क्षेत्र अंतर्गत फार्म एरिया स्थित श्री श्री महाबीर मंदिर से हुई चोरी की घटना का पुलिस ने शुक्रवार को उद्भेदन कर दिया। इस मामले में पुलिस ने कदमा हरिजन बस्ती स्टाफ क्वार्टर, फार्म एरिया निवासी रोहित मुखी उर्फ कुणाल मुखी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पहले से दो आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है।

बताया जाता है कि मंदिर प्रबंधन की ओर से कदमा थाना में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि मंदिर परिसर से पूजा में उपयोग होने वाले कीमती सामान चोरी कर लिए गए हैं। मंदिर में चोरी की घटना सामने आने के बाद क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश देखा गया था और पुलिस से शीघ्र कार्रवाई की मांग की जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद कदमा थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित जांच शुरू की।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और स्थानीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दिया। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए सामान भी बरामद कर लिए गए हैं। बरामद वस्तुओं में तीन पीस डंका, एक स्टील का तासा, तीन लोहे की तलवारें, एक बड़ा कैरम बोर्ड और एक बड़ा डंका शामिल है।

पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि चोरी की इस घटना में कोई अन्य व्यक्ति शामिल तो नहीं था। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

Related Post