चाईबासा। पश्चिम सिंहभूम जिले के गुवा थाना अंतर्गत बड़ाजामदा ओपी क्षेत्र में हुई डकैती कांड में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने हथियार के साथ जमशेदपुर के एक अपराधी को एक सिल्वर रंग का देशी कट्टा, एक स्टील रंग का स्वचालित पिस्तौल, दो खाली मैगजीन, 7.65 एमएम के 41 जिंदा कारतूस, 9 एमएम के 10 जिंदा कारतूस, 8 एमएम के 9 जिंदा कारतूस तथा एक काले रंग का मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया है।
शुक्रवार को डीएसपी अजय करकेटा ने प्रेस कांफ्रेंस कर बात कि पुलिस अधीक्षक को 19 दिसंबर 2025 को गुप्त सूचना मिली थी कि माह अक्टूबर में बड़ाजामदा निवासी अनिल चौरसिया के घर हुई डकैती में प्रयुक्त हथियार और गोली पहुंचाने के लिए एक व्यक्ति बड़ाजामदा आ रहा है। इस डकैती में अपराधियों ने ढाई लाख रुपये नकद, लगभग 90 हजार रुपये कीमत का सोने का ब्रेसलेट और करीब 80 हजार रुपये की सोने की चेन लूट ली थी। इस संबंध में गुवा (बड़ाजामदा ओपी) थाना कांड संख्या 45/25 दिनांक 14 अक्टूबर 2025 को मामला दर्ज किया गया था, जिसमें पूर्व में पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
गुप्त सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी किरीबुरु के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ाजामदा बस स्टैंड के पास से जमशेदपुर निवासी करण कुमार महतो को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी के पास से डकैती कांड में प्रयुक्त किए जाने वाले हथियार और बड़ी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान करण कुमार महतो, उम्र लगभग 24 वर्ष, पिता राजकुमार महतो, निवासी वर्मामाइंस रघुवर नगर, थाना वर्मामाइंस, जिला पूर्वी सिंहभूम के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक सिल्वर रंग का देशी कट्टा, एक स्टील रंग का स्वचालित पिस्तौल, दो खाली मैगजीन, 7.65 एमएम के 41 जिंदा कारतूस, 9 एमएम के 10 जिंदा कारतूस, 8 एमएम के 9 जिंदा कारतूस तथा एक काले रंग का मोबाइल फोन बरामद किया गया, जिसमें सिम नंबर 9123122728 लगा हुआ था। पुलिस ने विधिवत जप्ती सूची तैयार कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार करण कुमार महतो, डकैती कांड में जेल भेजे गए अभियुक्त दीपक महतो का भतीजा है और वह हथियार व कारतूस कांड के वांछित अभियुक्त बड़ाजामदा निवासी राजू लोहार को देने के लिए आ रहा था। इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी किरीबुरु अजय केरकेट्टा, बड़ाजामदा ओपी प्रभारी पु.अ.नि. बालेश्वर उरांव, पु.अ.नि. चंद्रशेखर, पु.अ.नि. धनंजय सिंह, पु.अ.नि. अभय कुमार (तकनीकी शाखा), स.अ.नि. सिमाल हांसदा तथा बड़ाजामदा ओपी रिजर्व गार्ड सशस्त्र बल शामिल रहे। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

