आदित्यपुर।सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा–कांड्रा मुख्य मार्ग पर बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। टूल रूम के समीप तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर ने पहले स्कूटी को टक्कर मारी और फिर चालक के फरार हो जाने के बाद विपरीत लेन में जाकर बुलेट सवारों को रौंद दिया। हादसे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी ठप हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर (संख्या एनएल 02 क्यू 7066) तेज गति से आ रहा था। इसी दौरान उसने पीछे से स्कूटी (जेएच 05 डीएच 5095) को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल होकर दूर जा गिरा। टक्कर के बाद ट्रेलर चालक चलती गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। बिना चालक के ट्रेलर आगे बढ़ता रहा और डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गया, जहां सामने से आ रही बुलेट मोटरसाइकिल (जेएच 05 बीवी 1386) उसकी चपेट में आ गई।
बुलेट पर सवार चाचा-भतीजे नवीन पाल और अभिषेक पाल की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि दोनों बिष्टुपुर स्थित पार्वती घाट से एक परिजन की अंत्येष्टि में शामिल होकर घर लौट रहे थे। वहीं, स्कूटी सवार गदड़ा मध्य विद्यालय के शिक्षक राकेश राय को गंभीर हालत में टीएमएच अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में तत्परता दिखाई और पुलिस को सूचना दी। आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रेलर को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश में छापेमारी की जा रही है। हादसे के कारण टाटा–कांड्रा मुख्य मार्ग पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा।

