नालंदा | बिहार में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने नालंदा में बड़ी कामयाबी हासिल की है। लहेरी थाना क्षेत्र के सोहन कुआं मोहल्ले में देर रात की गई संयुक्त छापेमारी में हथियार तस्करी के एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया गया। इस कार्रवाई में जमशेदपुर के तीन सगे भाइयों सहित कुल पांच तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। मौके से एके-47 के 153 जिंदा कारतूस, पांच चाइना मेड पिस्टल, 11 मैगजीन, आधा दर्जन मोबाइल फोन और एक स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले (जमशेदपुर) के जी.आर. जाई, मो. महबूब उर्फ टिंकू और जाहिद हुसैन शामिल हैं, जो आपस में सगे भाई हैं और लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। इनके अलावा मुंगेर निवासी सौरभ झा और नगर थाना क्षेत्र के बारादरी निवासी परवेज को भी गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह अंतरराज्यीय स्तर पर हथियारों की खरीद-बिक्री में लिप्त था।
लहेरी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने बताया कि एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि सोहन कुआं मोहल्ले में त्रिभूवन प्रसाद के मकान स्थित एक फ्लैट में हथियारों की बड़ी खेप की डिलीवरी होने वाली है। सूचना में यह भी उल्लेख था कि झारखंड से तस्कर इस खेप को लेने पहुंचने वाले हैं। इसके बाद एसटीएफ ने स्थानीय पुलिस के साथ रणनीति बनाकर छापेमारी की और फ्लैट में मौजूद सभी आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर गिरोह के नेटवर्क, हथियारों की सप्लाई चेन और संभावित खरीदारों की पहचान में जुटी है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

