जमशेदपुर। परसुडीह थाना क्षेत्र के किताडीह स्थित रेलवे इंजीनियरिंग कॉलोनी के समीप इमामबाड़ा मैदान को रेलवे द्वारा चहारदीवारी किए जाने का स्थानीय लोगों ने कड़ा विरोध किया है। विरोध के कारण रेलवे को फिलहाल निर्माण कार्य रोकना पड़ा है। यह मैदान वर्षों से धार्मिक, सामाजिक और खेलकूद गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है, ऐसे में इसके घेराव को लोग जनभावनाओं के खिलाफ बता रहे हैं।
मंगलवार को जब रेलवे की टीम जेसीबी मशीन लेकर मैदान पहुंची और चहारदीवारी का काम शुरू करने की तैयारी की, तभी स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए और विरोध जताने लगे। तीव्र विरोध को देखते हुए रेलवे की टीम को बिना काम शुरू किए ही वापस लौटना पड़ा। इसके बाद इलाके में इस मुद्दे को लेकर चर्चा और तनाव का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय मुहर्रम कमेटी ने रेलवे की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा है कि यदि रेलवे को इस जमीन की वास्तव में कोई आवश्यकता है तो उसके उपयोग की स्पष्ट जानकारी दी जाए। कमेटी का कहना है कि बिना किसी ठोस वजह के मैदान को घेरना उचित नहीं है और इससे इलाके के लोगों को अनावश्यक परेशानी होगी। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जनहित की अनदेखी की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
बताया गया है कि इस पूरे मामले की जानकारी रेलवे के आईओडब्ल्यू विभाग को दे दी गई है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल डीआरएम से मुलाकात कर अपनी आपत्ति और मांगों को लिखित रूप में रखेगा। फिलहाल चहारदीवारी का काम रुका हुआ है और लोग आगे की कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।

