जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र में मंगलवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां प्रेम प्रसंग के विवाद ने दो जिंदगियों को खत्म कर दिया। पोटका थाना में तैनात नवनियुक्त महिला चौकीदार ज्योतिका हेम्ब्रम की उसके प्रेमी गणेश मांझी ने दिनदहाड़े गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी युवक ने भी आत्महत्या कर ली। इस दोहरी मौत की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
घटना बड़ा सिदगी मुख्य सड़क पर उस समय हुई, जब ज्योतिका हेम्ब्रम ड्यूटी समाप्त कर पोटका थाना से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान उसके प्रेमी गणेश मांझी ने रास्ते में उसे रोककर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गले पर किए गए जानलेवा वार के कारण ज्योतिका की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद गणेश मांझी ने भी आत्मघाती कदम उठा लिया, जिससे उसकी भी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पोटका थाना पुलिस के साथ डीएसपी, बीडीओ और सीओ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने क्षेत्र को घेराबंदी कर स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से साक्ष्य भी जुटाए गए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतका ज्योतिका हेम्ब्रम कालिकापुर पंचायत के केंदमुड़ी गांव की रहने वाली थी, जबकि गणेश मांझी हेंसलबिल पंचायत के जाहातू गांव का निवासी था। दोनों के बीच करीब नौ वर्षों से प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि गणेश, ज्योतिका पर नौकरी छोड़ने का दबाव बना रहा था, जबकि ज्योतिका अपनी नौकरी जारी रखना चाहती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था, जो अंततः इस भयावह घटना में बदल गया।
मृतका के परिजनों ने हत्या को बेहद निर्मम बताते हुए दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद घटना से जुड़े सभी तथ्यों की स्थिति और स्पष्ट होगी। दोहरी मौत की इस घटना ने पूरे पोटका क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।

