जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला स्थित पोटका विधानसभा क्षेत्र में सड़क विकास योजनाओं को गति देने के उद्देश्य से विधायक संजीव सरदार ने पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में हाता–टाटा मुख्य मार्ग पर लगने वाले लगातार जाम से राहत दिलाने के लिए प्रस्तावित किताडीह–बागबेड़ा रिंग रोड परियोजना को प्राथमिकता दी गई। विधायक ने बताया कि इस रिंग रोड से कुदादा, निलडुंगरी, करनडीह और खासमहल होते हुए सीधे स्टेशन तक सुगम संपर्क स्थापित होगा और हाता–टाटा मार्ग का दबाव काफी कम होगा। उन्होंने अधिकारियों को जमीन अधिग्रहण से लेकर सड़क चौड़ीकरण तक सभी कार्यों को त्वरित गति से पूरा करने का निर्देश दिया।
कोवाली–डुमरिया सड़क निर्माण में मुआवजा विवाद के कारण रुके कार्य पर भी कड़ी नाराजगी जताते हुए विधायक ने स्पष्ट किया कि रैयतों को जल्द मुआवजा उपलब्ध कराया जाए, ताकि निर्माण कार्य दोबारा शुरू हो सके। जादूगोड़ा–गोविंदपुर मार्ग, तिलामाड़ा–कुलियाना घाट–खाड़िया कॉलोनी तक सड़क सुदृढ़ीकरण तथा स्वर्णरेखा नदी पर बनने वाले नए पुल सहित कई परियोजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। डुमरिया, मुसाबनी और सुंदरनगर क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण सड़कों के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण पर भी सहमति बनी।
समीक्षा के दौरान हाता–टाटा आरसीडी पथ के किनारे खतरनाक ढंग से लगाए गए हाई टेंशन पोलों को हटाने का मुद्दा सामने आया। इस पर विधायक संजीव सरदार ने तीखी प्रतिक्रिया जताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि पोल सड़क से सुरक्षित दूरी पर लगाए जाएँ, ताकि किसी दुर्घटना की आशंका न रहे। उन्होंने कहा कि सड़कें पोटका के विकास की रीढ़ हैं और किसी भी योजना में देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में पथ निर्माण विभाग के अभियंता दीपक सहाय समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

