जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम के पटमदा थाना क्षेत्र में मथुरापुरी जंगल से बरामद एक युवक के शव की पहचान मंगलवार सुबह हो गई। शव सोमवार देर शाम मिला था, जिसकी सूचना रात में ही परिजनों तक पहुंची। मृतक की पहचान कमलपुर थाना क्षेत्र के बांगुड़दा गांव निवासी 35 वर्षीय कान्हाई महतो के रूप में की गई है, जो बीते पांच दिनों से लापता था।
जानकारी के अनुसार, कान्हाई महतो मानसिक रूप से बीमार था और काटिन बाजार स्थित एक गल्ला दुकान में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। बीते बुधवार की सुबह वह शौच के लिए निकला था, लेकिन वापस घर नहीं लौटा। परिजनों और रिश्तेदारों ने आसपास के गांवों और इलाकों में काफी खोजबीन की, पर उसका कोई पता नहीं चल सका।
कान्हाई अपनी पत्नी और दो बेटियों के साथ रहता था, जबकि उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। उसकी तीन बेटियों में से बड़ी बेटी की शादी बनकुचिया गांव में हुई है। स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता गोपाल महतो ने बताया कि लापता होने से पहले वह सामान्य था, हालांकि मानसिक बीमारी के कारण वह कभी-कभी अनियंत्रित व्यवहार करता था।
सूत्रों के अनुसार, बुधवार की सुबह माचा स्थित सीएचसी अस्पताल के पास कुछ चरवाहों ने उसे जंगल की ओर जाते देखा था। पूछने पर उसने कोई जवाब नहीं दिया और तेज़ कदमों से जंगल की ओर बढ़ गया। पुलिस की मानें तो कान्हाई ने जंगल के एक पेड़ पर फांसी लगाकर जान दे दी थी।
चरवाहों की सूचना पर पुलिस सोमवार को मथुरापुरी जंगल पहुंची और शव को पेड़ से उतारकर एमजीएम मेडिकल कॉलेज के शीतगृह में रखवाया गया। मंगलवार को परिजनों ने पहुंचकर शव की पहचान कर ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आत्महत्या की आशंका जताई है।

