Breaking
Wed. Mar 4th, 2026

घर में झगड़े के बाद व्यक्ति ने कीटनाशक खाकर दी जान*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के जेटीया थाना अंतर्गत तड़ैया गांव में 59 वर्षीय बिदु केराई द्वारा कीटनाशक सेवन कर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 15 नवंबर की शाम बिदु केराई नशे की हालत में घर पहुंचे। उसी समय उनका बेटा भी नशे में था। दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। बताया जाता है कि झगड़े के बाद बेटा घर से बाहर चला गया। इसी दौरान बिदु केराई ने अकेले में जाकर कीटनाशक दवा पी ली। परिवार के अन्य सदस्यों ने रात किसी तरह उन्हें संभाले रखा, लेकिन उनकी हालत बिगड़ती चली गई।

अगली सुबह परिजन उन्हें गंभीर स्थिति में जगन्नाथपुर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तुरंत चाईबासा रेफर कर दिया। चाईबासा में इलाज के दौरान 16 नवंबर की शाम उनकी मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना स्थानीय थाना को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आज पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जेटीया थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। आत्महत्या के पीछे के कारणों की आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हो पाई है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या पारिवारिक तनाव या नशे की लत इस घटना की मूल वजह बनी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया है और लोग इस दुखद घटना को लेकर चर्चा कर रहे हैं।

Related Post