Breaking
Wed. Mar 4th, 2026

जमशेदपुर में चोरी की दो बड़ी वारदातों का पुलिस ने किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

जमशेदपुर। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में हुई दो अलग–अलग चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सोमवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने सूमो वाहन चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों और घर में घुसकर चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। दोनों मामलों में चोरी का सामान भी बरामद किया गया है।

पहले मामले में धतकीडीह सेंटर मैदान के पास से 11 नवंबर को चोरी हुई टाटा सूमो (संख्या JH05AD 6051) के संबंध में वादी सौकत हुसैन ने 13 नवंबर को बिष्टुपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी का गठन किया गया। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज से वाहन को कपाली से कांदरबेड़ा की ओर ले जाते देखा गया, जिसके आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर मानगो के रहने वाले फैजल अख्तर (20) और फरहान अंसारी उर्फ इमरान (18) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से चोरी की सूमो बरामद कर ली गई है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। इस मामले का खुलासा डीएसपी सीसीआर साकची और थाना प्रभारी ने संयुक्त रूप से किया।

दूसरे मामले में बिष्टुपुर क्षेत्र में 6 नवंबर की रात एक फ्लैट में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। वादी ने 7 नवंबर को इसकी शिकायत थाना में की थी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी सुनील पूर्ति उर्फ मुर्गी (24) को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चोरी किए गए लैपटॉप, मोबाइल फोन, हेडफोन, दो पर्स और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं। बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक दुबे ने बताया कि आरोपी से पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं, जिन्हें आधार बनाकर आगे की कार्रवाई जारी है।

दोनों मामलों के उद्भेदन में बिष्टुपुर थाना पुलिस की विशेष टीम सक्रिय रही, जिसमें पुलिस अवर निरीक्षक रामप्रवेश कुमार, आकाश कुमार पांडेय, सहदेव उरांव, गोपाल पांडेय और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Related Post