Breaking
Wed. Mar 4th, 2026

आसानबनी को मिली बड़ी सौगात, विधायक संजीव सरदार ने किया स्वास्थ्य उपकेंद्र का शिलान्यास

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला के पोटका स्थित आसानबनी क्षेत्र के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी उम्मीदें सोमवार को पूरी हो गईं, जब पोटका विधायक संजीव सरदार ने गांव में नए स्वास्थ्य उपकेंद्र का शिलान्यास किया। ग्रामीण स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में उठाया गया यह कदम इलाके के लोगों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। आगामी दिनों में यह केंद्र आधुनिक सुविधाओं से लैस होकर आसपास के कई गांवों के लिए प्रमुख उपचार स्थल के रूप में विकसित होगा।

शिलान्यास समारोह में बड़ी संख्या में जुटे ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक संजीव सरदार ने कहा कि उनकी प्राथमिकता जनता को सुरक्षित, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य उपकेंद्र के शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों को उपचार के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि केंद्र में प्रशिक्षित चिकित्सक, अत्याधुनिक उपकरण और 24 घंटे उपलब्ध रहने वाली सेवाएं सुनिश्चित की जाएंगी, ताकि किसी भी आपदा या बीमारी के समय लोगों को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके।

विधायक ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गांवों को मजबूत बनाने के संकल्प के साथ काम कर रहे हैं और अबुआ सरकार द्वारा ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त करने की दिशा में लगातार कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का असर अब जमीनी स्तर तक स्पष्ट रूप से दिखने लगा है, जिसका प्रत्यक्ष उदाहरण आसानबनी में स्वास्थ्य उपकेंद्र की स्थापना है।

शिलान्यास कार्यक्रम में झामुमो पोटका प्रखंड कमेटी के अध्यक्ष सुधीर सोरेन, जिला परिषद सदस्य हीरणमय दास, मुखिया अनिता सरदार, भुबनेश्वर सरदार, हितेश भगत, चक्रधर महतो, भूपति महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने बताया कि नए उपकेंद्र के बनने से क्षेत्र की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में बड़े सुधार की उम्मीद है।

Related Post