जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक युवक का रक्तरंजित शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुराना बाज़ार निवासी सुनील कुमार महतो का शव हवाई पट्टी स्थित ध्यान फाउंडेशन की गौशाला के पास पाया गया, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।
सुबह टहलते हुए गौशाला की ओर जा रहीं ध्यान फाउंडेशन की संचालिका डॉ. शालिनी मिश्रा ने सबसे पहले शव को देखा और तत्काल इसकी सूचना चाकुलिया पुलिस को दी। सूचना पाकर इंस्पेक्टर मनोज कुमार गुप्ता और थाना प्रभारी संतोष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच के अनुसार घटनास्थल से मिनरल वाटर की बोतल, पत्तल में रखा चखना और शराब की खाली बोतलें बरामद हुई हैं। इससे यह संभावना जताई जा रही है कि हत्या से पहले वहां शराब का सेवन किया गया था। पुलिस के मुताबिक सुनील कुमार महतो के सिर पर धारदार हथियार या किसी भारी वस्तु से वार किए जाने के स्पष्ट निशान मिले हैं, जिससे हत्या की पुष्टि होती है।
पुलिस आसपास के क्षेत्रों की छानबीन कर रही है और हत्या के कारणों की तलाश में कई कोणों से जांच आगे बढ़ा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।

