Breaking
Tue. Mar 3rd, 2026

कांड्रा में 17 वर्षीय युवती की पत्थर से कुचलकर हत्या, जंगल में मिला शव

कांड्रा।सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत बुरुडीह गांव के जंगल में गुरुवार सुबह एक 17 वर्षीय नाबालिग युवती का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान शिवपुर गांव निवासी निरुध नायक की पुत्री नेहा नायक के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, नेहा गुरुवार सुबह शौच के लिए घर से निकली थी। देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान ग्रामीणों ने बुरुडीह के जंगल में हाई टेंशन तार के नीचे उसका पत्थर से कुचला हुआ शव देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही कांड्रा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच करते हुए शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

घटना की जानकारी मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि यह हत्या की वारदात है और पुलिस से शीघ्र जांच कर दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Post