खरसावां।सरायकेला-खरसावां जिला में पुराने जमीन विवाद और आपसी रंजिश ने एक परिवार को तबाह कर दिया। खरसावां के आमदा ओपी क्षेत्र अंतर्गत सुपाइसाई गांव में बुधवार को हुई घटना में 55 वर्षीय बाईधर प्रधान की तेजधार हथियार से हत्या कर दी गई, जबकि उनकी पत्नी कनक देवी और पुत्र मरकोडो प्रधान गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, कुचाई प्रखंड के कोलाईडीह गांव निवासी बाईधर प्रधान बुधवार को अपनी पत्नी और पुत्र के साथ बाइक से चक्रधरपुर से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सुपाइसाई गांव के खंडियाबांध के समीप खेत पर पहले से घात लगाए बैठे जीवनधन प्रधान, पंकज प्रधान और राजकुमार प्रधान ने उन पर हमला कर दिया। तलवार से किए गए हमले में बाईधर प्रधान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी और पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना पर खरसावां थाना प्रभारी गौरव कुमार और आमदा ओपी प्रभारी रमन विश्वकर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार, लगभग एक वर्ष पूर्व दोनों परिवारों के बीच जमीन को लेकर विवाद हुआ था, जिससे आपसी रंजिश चल रही थी। उसी रंजिश में यह हमला किया गया।
घायल कनक देवी का इलाज सरायकेला सदर अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और जल्द ही उन्हें जेल भेजने की बात कही है।

