जमशेदपुर । पूर्वी सिंहभूम जिला के बहरागोड़ा प्रखंड के गोपालपुर पंचायत के वृंदावनपुर गांव के रहने वाले रवि शंकर प्रधान के तीन वर्षीय बेटे जोजो की मंगलवार को तालाब में डूबने से मौत हो गई। यह हादसा पश्चिम बंगाल के तेतूलिया गांव में हुआ, जहां बच्चा अपने मामा के घर गया हुआ था।
बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के वृंदावनपुर गांव निवासी रवि शंकर प्रधान का तीन वर्षीय पुत्र जोजो मंगलवार को पश्चिम बंगाल के बलियाबढ़ा थाना क्षेत्र के तेतूलिया गांव में अपने मामा के घर खेलते समय अचानक तालाब में गिर गया। किसी को भी इस घटना की भनक नहीं लगी। जब काफी देर तक बच्चा घर में दिखाई नहीं दिया तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। खोज के दौरान परिवार के लोगों ने तालाब में जोजो का शरीर उतराता हुआ देखा।
तुरंत उसे तालाब से बाहर निकाला गया और गोपीबल्लापुर सुपर स्पेशलिटी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद जोजो को मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पूरे गांव में मातम छा गया है। बताया गया कि जोजो के पिता रवि शंकर प्रधान की शादी चार साल पहले हुई थी और जोजो उनका इकलौता बेटा था। रवि शंकर गांव में ही कपड़ों की दुकान चलाते हैं। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

