Breaking
Sun. Mar 29th, 2026

अविनाश कुमार बने झारखंड के 26वें मुख्य सचिव, अजय सिंह को विकास आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार

रांची:झारखंड सरकार ने राज्य प्रशासन में बड़े बदलाव करते हुए अविनाश कुमार को नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है। वे राज्य के 26वें मुख्य सचिव होंगे। इससे पहले पीपी शर्मा दो बार और सजल चक्रवर्ती तीन बार मुख्य सचिव के पद पर रह चुके हैं। 1993 बैच के अविनाश कुमार कई महत्वपूर्ण सरकारी पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

सरकारी आदेश के अनुसार, अविनाश कुमार, जो वर्तमान में अपर मुख्य सचिव, ऊर्जा विभाग और मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव के अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे, को अगले आदेश तक मुख्य सचिव, झारखंड के पद पर नियुक्त किया गया है। वे इस दौरान मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव और मुख्य स्थानिक आयुक्त, झारखंड भवन, नई दिल्ली के अतिरिक्त प्रभार में भी रहेंगे।

साथ ही, अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के पद पर कार्यरत अजय कुमार सिंह को अगले आदेश तक विकास आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। वहीं, पूर्व मुख्य सचिव अलका तिवारी 30 सितंबर को सेवानिवृत हो गई हैं।

यह प्रशासनिक बदलाव राज्य सरकार की नीतियों और विभागीय समन्वय को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Post