जमशेदपुर। दुर्गा पूजा के मौके पर भीड़भाड़ के बीच सोमवार की सुबह मानगो पुलिया पर उस वक्त अफरातफरी मच गई जब टमाटर से लदा एक ट्रक अचानक ब्रेक फेल होने से बेकाबू हो गया। मौके पर सैकड़ों की भीड़ मौजूद थी और स्थिति गंभीर रूप ले सकती थी, लेकिन चालक की तत्परता और सूझबूझ ने बड़ी दुर्घटना को टाल दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक मानगो की ओर बढ़ रहा था तभी अचानक उसका ब्रेक काम करना बंद कर गया। सामने भारी भीड़ और वाहनों की कतार थी। ऐसे में चालक ने बिना समय गंवाए ट्रक को रॉन्ग साइड मोड़ दिया और पुल निर्माण कार्य में लगी हाइड्रा मशीन से टकरा दिया। जोरदार टक्कर के बावजूद सौभाग्य से कोई घायल नहीं हुआ।
घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। लोग जब तक कुछ समझ पाते, गुस्साई भीड़ ने चालक को पकड़कर उसकी पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान ड्यूटी पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मी तुरंत हरकत में आए और चालक को भीड़ से बचाकर मानगो थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
हाइड्रा मशीन के गार्ड दीपक कुमार ने बताया कि अचानक रॉन्ग साइड से आए ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे मशीन को नुकसान पहुंचा है।
वहीं पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चालक की सतर्कता के कारण एक बड़ा हादसा होने से बच गया। दुर्गा पूजा के दौरान जहां हजारों की भीड़ सड़क पर थी, वहीं ट्रक के तेज रफ्तार पकड़ने पर गंभीर जनहानि हो सकती थी। फिलहाल पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

