Breaking
Tue. Mar 3rd, 2026

जोड़ा तालाब में मिला युवक का शव, दोस्तों पर उठे सवाल, हत्या की आशंका

जमशेदपुर। परसुडीह थाना क्षेत्र के हलुदबनी डुंगरी टोला निवासी 22 वर्षीय बिसु मुर्मू का शव घटना के तीन दिनों बाद सुंदरनगर थाना क्षेत्र के तुरामडीह स्थित जोड़ा तालाब से बरामद किया गया। 27 सितंबर की शाम बिसु अपने दोस्तों के साथ मेला घूमने के लिए घर से निकला था, जिसके बाद से वह लापता था। अब शव मिलने के बाद पूरे मामले ने रहस्यमयी मोड़ ले लिया है।

सुंदरनगर थाना प्रभारी अजीत मुंडा ने बताया कि घटना की जांच हर पहलू से की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह मामला दुर्घटना या हत्या — दोनों ही कोणों से देखा जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

घटना के बाद परिजनों ने उसी दिन परसुडीह थाने में बिसु की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस जांच में पता चला कि बिसु अपने दोस्तों दुर्गा सोरेन, दशमत टुडू और राजेश माहली के साथ बाइक से मेला घूमने निकला था। इसके बाद से वह घर नहीं लौटा। जब जोड़ा तालाब से उसका शव बरामद हुआ, तब पुलिस ने तीनों दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

सूत्रों के मुताबिक, मेला घूमने के दौरान तीनों दोस्त जोड़ा तालाब के पास पहुंचे थे। वहीं स्नान के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। हालांकि बिसु तैरना जानता था, फिर भी उसकी डूबने से मौत होना कई सवाल खड़े करता है। परिजनों का आरोप है कि दोस्तों ने घटना की सच्चाई छिपाई और बिसु की मौत के पीछे साजिश हो सकती है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो जाएगा। जांच टीम हत्या की आशंका को नकार नहीं रही है और जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश करने का दावा किया गया है।

Related Post