Breaking
Wed. Mar 4th, 2026

जुगसलाई में बड़ी वारदात टली, दो युवक अवैध हथियार संग गिरफ्तार

जमशेदपुर। जुगसलाई थाना पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए एक बड़ी आपराधिक साजिश को नाकाम कर दिया। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो युवकों को अवैध हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बागबेड़ा हरहरगुट्टू निवासी अभिषेक सिंह और जुगसलाई शिवघाट रोड निवासी गणेश रजक उर्फ चुजा के रूप में हुई है। दोनों को पूछताछ के बाद शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

विधि व्यवस्था डीएसपी ने प्रेस वार्ता कर बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि खरकई नदी के रेलवे ब्रिज के पास दो युवक किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। इसके बाद जुगसलाई थाना प्रभारी बैजनाथ कुमार के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को मौके से दबोच लिया। तलाशी में उनके पास से दो स्वचालित पिस्टल (7.65 मिमी), तीन जिंदा कारतूस और एक एप्पल मोबाइल फोन बरामद किया गया।

डीएसपी ने बताया कि अभिषेक सिंह पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है और उस पर जुगसलाई थाना में कई धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

इस सफल अभियान में थाना प्रभारी बैजनाथ कुमार के साथ पुलिस पदाधिकारी मुकेश कुमार साव, कृष्णा कुमार यादव, गोपाल कुमार, हवलदार बासुदेव महतो और आरक्षी गोधन राम शामिल थे। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार युवकों से पूछताछ कर इस गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Post