Breaking
Wed. Mar 4th, 2026

गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाशोत्सव पर अलौकिक कीर्तन दरबार: खालसा सेवा दल की तैयारियां जोरों पर

गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाशोत्सव पर अलौकिक कीर्तन दरबार: खालसा सेवा दल की तैयारियां जोरों पर

On Guru Gobind Singh Ji’s Prakash Utsav: Divine Kirtan Darbar, Khalsa Seva Dal Gears Up with Full Enthusiasm

सिखों के दसवें गुरु दशमेश पिता श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के पावन प्रकाशोत्सव को समर्पित और नए साल के स्वागत में खालसा सेवा दल द्वारा दो-दिवसीय अलौकिक कीर्तन समागम का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन 30 व 31 दिसंबर 2025 को साकची गुरुद्वारा मैदान में होगा जिसमें संगत को श्री दरबार साहिब, अमृतसर के हजूरी रागी जत्थे और कथा वाचक निहाल करेंगे.
गुरुवार को साकची गुरुद्वारा के लंगर हॉल में खालसा सेवा दल की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें सक्रिय सदस्य सन्नी सिंह बरियार ने कीर्तन दरबार की तैयारियों की घोषणा की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व को समर्पित यह समागम गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, साकची के सहयोग से 30 और 31 दिसंबर को मंगलवार व बुधवार को आयोजित होगा।
सन्नी सिंह ने बताया कि इस पावन अवसर पर एक भव्य शोभायात्रा भी निकाली जाएगी जो संगत के बीच आध्यात्मिक उत्साह का संचार करेगी.

दोनों दिन सुबह और शाम को कीर्तन दरबार का आयोजन होगा, जिसमें पंथ के प्रख्यात रागी जत्थे और प्रचारक गुरबाणी के रस से संगत को सराबोर करेंगे। दोपहर में गुरु का लंगर वितरित किया जाएगा जो सिख परंपरा की सेवा और समरसता का प्रतीक है।
31 दिसंबर की रात को नए साल के आगमन पर भव्य पंडाल में सुशोभित श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी पर संगत द्वारा पुष्प वर्षा की जाएगी। आयोजन को और भी भव्य बनाने के लिए विद्युत सज्जा, जलपान और पार्किंग की सुचारू व्यवस्था की जाएगी। खालसा सेवा दल और साकची गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए कटिबद्ध है।
बैठक में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के मुख्य सेवादार सरदार निशांन सिंह, श्याम सिंह, शमशेर सिंह सोनी, परमजीत सिंह काले, गुरमीत सिंह राजी, सतबीर सिंह गोल्डू, सन्नी सिंह, अमरपाल सिंह, रविंदर सिंह रिंकू, सतबीर सिंह सोमू, पलविंदर सिंह पवी, उपकार सिंह, गुरबख्श सिंह, मनमीत सिंह, जगजीत सिंह, प्रितपाल सिंह, जगदीप सिंह, रमनदीप सिंह सिद्धू, जसपाल सिंह, हरप्रीत सिंह, हरविंदर सिंह, कुंवर दीप सिंह, हरजिंदर सिंह बरियार सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। धन्यवाद ज्ञापन अमरपाल सिंह ने किया।
खालसा सेवा दल ने संगत से इस पावन आयोजन में शामिल होने की अपील की है ताकि गुरु की कृपा और आशीर्वाद से सभी का जीवन धन्य हो.

Related Post