Breaking
Tue. Mar 3rd, 2026

खेत में काम करने गया पति नहीं लौटा, पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की हत्या

जमशेदपुर। एमजीएम थाना क्षेत्र के पिपला गांव बाघनंद में शनिवार को एक दर्दनाक और सनसनीखेज वारदात सामने आई। खेत में काम करने गए 37 वर्षीय मजदूर परशुराम टुडू की हत्या उसकी पत्नी सुमन टुडू ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर कर दी। हत्या के लिए कटारी और डंडे का इस्तेमाल किया गया। रविवार को परशुराम का शव खेत से बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

घटना के बाद पुलिस ने सुमन टुडू को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके प्रेमी लछू हांसदा, जो जादूगोड़ा के हेदलजुड़ी का रहने वाला है, की तलाश जारी है। बताया गया कि शनिवार को पति-पत्नी दोनों खेत में काम करने गए थे, लेकिन शाम को केवल पत्नी ही घर लौटी। परशुराम के बारे में पूछने पर उसने पहले परिजनों को गुमराह किया। संदेह होने पर खोजबीन की गई और खेत से परशुराम का शव बरामद हुआ।

परिवार वालों का आरोप है कि सुमन ने प्रेमी के साथ मिलकर साजिश रचकर परशुराम की हत्या की है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कटारी और डंडे की बरामदगी के लिए छापेमारी तेज कर दी है। परशुराम टुडू मजदूरी कर परिवार चलाता था और उसके दो छोटे बच्चे भी हैं।

Related Post