जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला स्थित ग्रामीण क्षेत्र की पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवाओं से भारी रकम वसूलने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। एसडीपीओ घाटशिला के नेतृत्व में गठित टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर फर्जी कंपनी के कार्यालय से 103 युवकों और 179 युवकों-युवतियों को बंधक बनाकर रखा गया था। आरोपी युवाओं से 25,000 रुपये वसूलकर उन्हें नेटवर्क में शामिल होने के लिए दबाव बनाया जाता था। दबाव न मानने पर युवकों के साथ मारपीट की जाती थी और घर लौटने नहीं दिया जाता था।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ऋषभ गर्ग बुधवार को संवाददाताओं को बताया कि घाटशिला, बाना और मउभंडार पुलिस क्षेत्र में संयुक्त छापेमारी के दौरान एमएस रिया एंटरप्राइजेज कार्यालय को सीज कर सभी दस्तावेज जब्त किए गए। गिरफ्तार आरोपियों में गोविंदपुर के रोमेन्ट कुमार, डोमचाच के मोहन कुमार राणा, वैशाली के शिवम कुमार सिंह और कुलदीप सिंह शामिल हैं। गिरोह के मुख्य सरगना राजू यादव, सुनिल यादव, राहुल रंजन, अनिल, रवि चौहान सहित अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
जांच में पता चला कि फर्जी कंपनी बेरोजगारों से नौकरी दिलाने के नाम पर 25 हजार रुपये लेकर उन्हें दो अन्य लोगों को नेटवर्क में जोड़ने के लिए मजबूर करती थी। इन युवा नौकरी चाहने वालों के साथ मारपीट की जाती और घर लौटने नहीं दिया जाता था। इस मामले में पुलिस ने गंभीर कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। गिरफ्तार युवकों को उनके गृह राज्यों महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और ओडिशा भेजने की तैयारी की जा रही है।

