चांडिल। सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। बाबा बैद्यनाथ धाम जा रहे चार दोस्तों की कार की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य तीन दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को चांडिल अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक की हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना मंगलवार तड़के करीब पांच बजे एनएच-32 पर पितकी गांव के पास हुई। जानकारी के मुताबिक ओडिशा के बरगड़ जिले के बरबली थाना क्षेत्र निवासी संजय मिहिर (38) अपने तीन दोस्तों – संजीव साहू (38), रोहित मिहिर (45) और राजीव महाकुड (44) – के साथ बाबा धाम दर्शन के लिए निकले थे। रास्ते में उनकी कार की ट्रक से टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और चालक संजय मिहिर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही नीमडीह और चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को ऑटो के जरिए चांडिल अनुमंडलीय अस्पताल भिजवाया। मृतक के शव को एंबुलेंस से पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है, जिसमें रोहित मिहिर की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद एनएच-32 पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने ट्रक और कार को जब्त कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

