Breaking
Sat. Mar 28th, 2026

लोहरदगा में प्रेमी ने नाबालिग प्रेमिका की गला रेतकर की हत्या, फिर फांसी लगाकर की आत्महत्या

लोहरदगा :* जिले के सेरेंगदाग थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने पहले अपनी नाबालिग प्रेमिका की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी और फिर खुद जंगल में जाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना शुक्रवार की है।

मिली जानकारी के अनुसार, 16 वर्षीय लड़की अपनी मौसी के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी। उसका 18 वर्षीय युवक के साथ प्रेम संबंध था और दोनों अक्सर मिलते थे। शुक्रवार को इलाके में पहाड़ मेला लगा था, जहां दोनों साथ गए थे। मेला से लौटते समय किसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। इसी दौरान गुस्से में युवक ने चाकू से लड़की का गला काट दिया। हत्या के बाद युवक वहां से कुछ दूरी पर स्थित जंगल में चला गया और आत्महत्या कर ली।

जब दोनों देर शाम तक घर नहीं लौटे तो परिजनों ने तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान अलग-अलग जगहों पर दोनों के शव मिले। इसके बाद मामले की सूचना सेरेंगदाग थाना को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी रामाशीष यादव ने बताया कि दोनों के शव बरामद कर लिए गए हैं और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। ग्रामीणों से पूछताछ में सामने आया है कि युवक ने पहले प्रेमिका की हत्या की और फिर आत्महत्या कर ली। लोहरदगा एसपी सादिक अनवर रिजवी ने कहा, “घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल भेजा गया है।”

Related Post