Breaking
Wed. Mar 4th, 2026

धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार की पहली क्राइम मीटिंग: काफिला बनाकर चलने वालों, भू-माफियाओं व बिचौलियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

धनबाद: जिले में बढ़ते अपराध व अव्यवस्था को लेकर गुरुवार को एसएसपी प्रभात कुमार ने जिला पुलिस मुख्यालय में पहली क्राइम मीटिंग का आयोजन किया। बैठक में उन्होंने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए संगठित अपराध, भूमि विवाद, अवैध कारोबार और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए।

काफिला बनाकर चलने वाले वाहनों पर सख्ती

एसएसपी ने निर्देश दिया कि बिना अनुमति काफिला बनाकर चलने वाले वाहनों पर तत्काल कार्रवाई की जाए। ऐसे वाहन आम लोगों के लिए परेशानी का सबब बनते हैं और कई बार अपराध के लिए भी इस्तेमाल किए जाते हैं। उन्होंने तेज रफ्तार व लापरवाही से गाड़ी चलाने वालों पर भी सख्त रुख अपनाने को कहा।

भू-माफिया व बिचौलियों पर नजर

एसएसपी प्रभात कुमार ने भूमि विवाद को जिले की गंभीर समस्या बताते हुए सभी थाना प्रभारियों को सक्रिय भू-माफियाओं और जमीन दलालों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि थानों में इन तत्वों की घुसपैठ नहीं होनी चाहिए, अन्यथा संबंधित पुलिस अधिकारियों पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। भू-माफियाओं द्वारा कब्जा या धोखाधड़ी की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए।

थानों में फरियादियों से करें शालीन व्यवहार

एसएसपी ने थानों में आने वाले फरियादियों से शालीनता से पेश आने और उनकी शिकायतों पर संवेदनशीलता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता में पुलिस की छवि मित्रवत और भरोसेमंद होनी चाहिए। किसी भी थाना क्षेत्र में गुंडागर्दी, अवैध शराब, कोल तस्करी, रंगदारी, जमीन कब्जा, फायरिंग जैसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

क्राइम कंट्रोल पर फोकस

एसएसपी ने सभी थानों से लम्बित वारंट मामलों का निपटारा जल्द करने और कुल दर्ज मामलों में कम से कम 25% की प्रगति सुनिश्चित करने को कहा। अपराध नियंत्रण के लिए नियमित रूप से वाहन चेकिंग, गश्ती, तकनीकी निगरानी और सूचना तंत्र को मजबूत करने पर भी बल दिया गया।

अच्छा कार्य करने वालों को मिलेगा सम्मान

मीटिंग में यह भी स्पष्ट किया गया कि जो पुलिस अधिकारी अपने कार्य क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करेंगे उन्हें सम्मानित किया जाएगा। वहीं लापरवाही बरतने वालों पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Related Post