Breaking
Wed. Mar 4th, 2026

MGM अस्पताल गेट से अतिक्रमण हटाया गया, मरीजों और आम लोगों को मिली राहत

जमशेदपुर। एमजीएम थाना क्षेत्र डिमना रोड स्थित एमजीएम अस्पताल के मुख्य द्वार के आसपास लंबे समय से जारी अतिक्रमण के खिलाफ गुरुवार को मानगो नगर निगम ने सख्त कार्रवाई की। नगर निगम की टीम ने सहायक नगर आयुक्त आकिब जावेद के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया, जिसमें वर्षों से गेट के पास जमे ठेला-पटरी दुकानदारों की दुकानें हटाई गईं।

अस्पताल के मुख्य गेट पर दुकानों की भीड़ के कारण मरीजों को लाने-ले जाने वाले वाहनों, एम्बुलेंस और राहगीरों को भारी परेशानी हो रही थी। आये दिन यहां ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती थी, जिससे आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित हो रही थीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम ने कड़ा रुख अपनाते हुए मौके पर पहुंचकर तुरंत सभी अवैध दुकानों को हटवा दिया।

सहायक नगर आयुक्त आकिब जावेद ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि भविष्य में यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, उन्हें गेट से दूर निर्धारित स्थानों पर दुकानें लगाने का निर्देश भी दिया गया।

इस कार्रवाई में नगर प्रबंधक सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। अतिक्रमण हटने के बाद अस्पताल परिसर के आसपास की सड़कों पर यातायात सुचारु हो गया है और लोगों को आवाजाही में काफी सहूलियत मिल रही है।

स्थानीय लोगों और मरीजों के परिजनों ने नगर निगम की इस कार्रवाई का स्वागत किया है और इसे एक राहत भरा कदम बताया है। उनका कहना है कि अगर ऐसे अभियान समय-समय पर जारी रहें तो एमजीएम अस्पताल के आसपास की व्यवस्था और बेहतर हो सकती है।

Related Post