Breaking
Thu. Mar 5th, 2026

जहरीले सांप के डंसने से भतीजी की मौत, फूफा की हालत गंभीर

पोटका।पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र के जुड़ी पंचायत स्थित प्रेमनगर (हाता) में सोमवार देर रात एक जहरीले सांप ने घर में सो रहे फूफा और उनकी भतीजी को डंस लिया। इस हादसे में 13 वर्षीय भतीजी की मौत हो गई, जबकि फूफा की हालत गंभीर बताई जा रही है।वह आठवीं कक्षा की छात्रा थी।

घटना सोमवार देर रात की है। प्रेमनगर (हाता) में रहने वाले श्रवण मुंडा अपनी भतीजी पवंती सरदार (13 वर्ष) के साथ एक ही कमरे में अलग-अलग खटिया पर सोए थे। इसी दौरान किसी जहरीले सांप ने रात में दोनों को डंस लिया। डंसने के कुछ देर बाद ही दोनों की तबीयत बिगड़ने लगी। जब सुबह घरवालों को घटना की जानकारी हुई तो आनन-फानन में दोनों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।

डॉक्टरों ने पवंती को मृत घोषित कर दिया। वहीं, श्रवण मुंडा की हालत गंभीर होने के कारण उसे एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर रेफर किया गया। एमजीएम में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत को देखते हुए उसे टीएमएच रेफर कर दिया। टीएमएच के आईसीयू में उसका इलाज चल रहा है।

पवंती सरदार कोवाली थाना क्षेत्र के गोमियासाई की रहने वाली थी। वह प्रेमनगर में अपने रिश्तेदार के घर फरवरी माह से रह रही थी और रामगढ़ आश्रम हाता स्थित मध्य विद्यालय में कक्षा आठवीं की छात्रा थी।

इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है।

Related Post