Breaking
Wed. Mar 4th, 2026

धनबाद में करोड़ों की चोरी की धातुएं बरामद, बंगाल भेजी जा रही थी खेप एसएसपी को मिली गुप्त सूचना पर रंगाटांड़ बस स्टैंड में छापा, 33 बोरियों में लोहा, तांबा, एल्युमिनियम और सिक्के जब्त

धनबाद: रंगाटांड़ बस स्टैंड पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की गई धातुओं की भारी खेप जब्त की है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि करोड़ों रुपये की यह स्क्रैप सामग्री बस के जरिए पश्चिम बंगाल भेजी जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और बस स्टैंड से 33 बोरियों में भरा स्क्रैप बरामद कर लिया।

इन बोरियों में 14 बोरी लोहा, 11 बोरी तांबा, 5 बोरी एल्युमिनियम और 3 बोरी सिक्के शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, सिर्फ बरामद सिक्कों का वजन लगभग 225 किलो है। अनुमान है कि पूरी खेप की बाजार कीमत करोड़ों रुपये में है।

एसएसपी के निर्देश पर बनी टीम, बस स्टैंड पर की गई दबिश

धनबाद थाना प्रभारी आर.एन. ठाकुर ने बताया कि एसएसपी को जब चोरी की धातुओं को रंगाटांड़ से बंगाल ले जाने की सूचना मिली, तो एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने बस स्टैंड पहुंचकर सभी बोरियों को जब्त कर लिया।

औद्योगिक क्षेत्रों से की गई थी चोरी, गिरोह की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि यह स्क्रैप धनबाद और इसके आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों से चोरी किया गया था। हालांकि, अब तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस का मानना है कि यह काम किसी संगठित स्क्रैप माफिया गिरोह का है, जो चोरी की गई धातुओं को पिघलाकर दोबारा उपयोग में लाता है।

पुलिस आगे की जांच में जुटी है और इस गिरोह से जुड़े लोगों की तलाश की जा रही है।

Related Post