Breaking
Sun. Mar 29th, 2026

ट्रक-ट्रेलर टक्कर में वन विभाग का कार्यालय और एक दुकान क्षतिग्रस्त, बुजुर्ग महिला घायल

सरायकेला:गुरुवार तड़के सरायकेला-खरसावां जिले के सरायकेला थाना क्षेत्र स्थित सदर अस्पताल के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ओवरटेक के दौरान आयरन ओर लदा ट्रक और सामने से आ रहे ट्रेलर की टक्कर में वन विभाग का कार्यालय और सड़क किनारे की दुकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस घटना में दुकान के अंदर सो रही 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला सहोदरा महतो घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ओडी-14डब्ल्यू-8244 नंबर का ट्रक कांड्रा की ओर जा रहा था और ओवरटेक करने के दौरान विपरीत दिशा से आ रहे जेएच-05डीएस-1759 नंबर के ट्रेलर से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक वन विभाग के कार्यालय का गेट तोड़कर कैंपस में घुस गया, जबकि ट्रेलर दुकान की दीवार को तोड़ते हुए अंदर घुस गया। हादसे में दुकान में सो रही सहोदरा महतो के सिर में चोट लगी है।

घटना के बाद दोनों वाहनों के चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच में जुट गई है। वहीं, घायल महिला का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।

Related Post