Breaking
Tue. Mar 3rd, 2026

लापुंग में जमीन विवाद के दौरान पुलिस पर हमला, थाना प्रभारी गंभीर रूप से घायल

रांची। जिले के लापुंग थाना क्षेत्र में सोमवार को जमीन विवाद को लेकर बुलाई गई ग्रामसभा के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस टीम पर अचानक हमला कर दिया। इस हमले में लापुंग थाना प्रभारी संतोष कुमार यादव के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि एक अन्य सिपाही भी घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद घायल थाना प्रभारी को प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही रांची के पुलिस उपमहानिरीक्षक सह वरीय पुलिस अधीक्षक राज हॉस्पिटल पहुंचे और घायल थाना प्रभारी संतोष कुमार यादव का हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों से बातचीत कर थाना प्रभारी और अन्य घायल जवान के समुचित इलाज का अनुरोध किया। इस दौरान कोतवाली डीएसपी समेत कई अन्य पुलिस अधिकारी भी अस्पताल में मौजूद रहे।

बेड़ो डीएसपी अशोक राम ने बताया कि जमीन विवाद के दौरान ग्रामसभा में कुछ बाहरी लोगों के मौजूद होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। इसी बीच अचानक हमला हुआ, जिसमें थाना प्रभारी और एक सिपाही घायल हो गए। घटना के बाद लापुंग क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। रूरल एसपी सहित कई थाना प्रभारी मौके पर कैंप कर रहे हैं। पुलिस को आशंका है कि इस घटना में ग्रामीणों को भड़काने में बाहरी लोगों की भूमिका रही है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों की तलाश जारी है। घायल थाना प्रभारी और सिपाही का इलाज चल रहा है, वहीं पुलिस प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है।

Related Post