Breaking
Sun. Mar 29th, 2026

कांग्रेस पंचायत अध्यक्ष महेंद्र टुडू की गोली मारकर हत्या, इलाके में आक्रोश

गोड्डा : जिले के पोड़ैयाहाट प्रखंड में मंगलवार को कांग्रेस के पंचायत अध्यक्ष और ठाकुरनाहन पंचायत के पूर्व मुखिया महेंद्र टुडू की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार, महेंद्र टुडू अपने घर के पास स्थित सीएसपी केंद्र पर अपने कार्य में व्यस्त थे। इसी दौरान चार की संख्या में आए अपराधियों ने लूटपाट की नीयत से उन पर हमला कर दिया। जब महेंद्र टुडू ने विरोध किया तो अपराधियों ने उन्हें पेट में गोली मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद अपराधी हवा में फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।

स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल महेंद्र टुडू को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें देवघर रेफर कर दिया गया। देवघर में भी जब उनकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो उन्हें दुर्गापुर ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मरने से पहले महेंद्र टुडू ने पुलिस को बताया कि चार अपराधी बाइक से आए थे और उनकी मंशा लूटपाट की थी।

घटना की सूचना मिलते ही गोड्डा एसडीपीओ अशोक प्रियदर्शी और पोड़ैयाहाट थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से एक बाइक भी बरामद की है, जिससे अपराधियों की पहचान में मदद मिलने की उम्मीद है। मामले की जांच लूटपाट के साथ-साथ राजनीतिक रंजिश के एंगल से भी की जा रही है, क्योंकि महेंद्र टुडू और उनकी पत्नी दोनों ही पूर्व में पंचायत मुखिया रह चुके हैं।

इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय विधायक प्रदीप यादव ने इसे बेहद दुखद बताते हुए पुलिस प्रशासन से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

Related Post