Breaking
Tue. Mar 3rd, 2026

सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक घायल, बस चालक की लापरवाही से टक्कर

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला स्थित पटमदा प्रखंड के कमलपुर थाना अंतर्गत बांगुड़दा आदर्श ग्राम के पास मंगलवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक घायल हो गया। घटना बराभूम-बांदोवान मुख्य सड़क पर उस समय घटी, जब बाइक सवार युवक अपनी बाइक से बंगाल की ओर लौट रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों सोमाय सोय और गबरु हो के अनुसार, धनबाद या पुरुलिया से जमशेदपुर की ओर जा रही शंकर पार्वती नामक बस के चालक ने तेजी से ओवरटेक करने के प्रयास में बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बाइक चालक सुबोध सिंह, जो बराबाजार थाना क्षेत्र के बेड़ादा गांव निवासी है, के हाथ, पैर और सिर में चोटें आईं। बाइक पर सवार दो महिलाओं को भी मामूली चोटें आई हैं। हादसे की सूचना मिलते ही कमलपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अपनी गाड़ी से माचा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। पुलिस ने घटनास्थल पर शामिल वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने बस चालक की लापरवाही को लेकर नाराजगी जताई है।

Related Post