Breaking
Tue. Mar 3rd, 2026

इंडिगो विमान में बर्ड हिट से मचा हड़कंप, पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

रांची।पटना से रांची आ रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट सोमवार को उस समय बड़ी दुर्घटना का शिकार होते-होते बच गई, जब रांची एयरपोर्ट पर लैंडिंग से ठीक पहले विमान एक पक्षी से टकरा गया। बताया जा रहा है कि विमान जैसे ही रनवे के करीब पहुंचा, अचानक गिद्ध से टकरा गया, जिससे पायलट ने कुछ देर के लिए संतुलन खो दिया। हालांकि, पायलट ने अपनी सूझबूझ और अनुभव का परिचय देते हुए लगभग 40 मिनट तक विमान को एयरपोर्ट के आसपास सुरक्षित उड़ाया और फिर इमरजेंसी लैंडिंग कराई।

इस घटना में विमान में सवार सभी 175 यात्री और चालक दल के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित रहे। विमान के अगले हिस्से में बर्ड हिट के कारण डेंट आ गया, जिसकी जांच एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की टीम कर रही है। घटना के बाद रांची एयरपोर्ट पर सतर्कता बढ़ा दी गई और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

यात्रियों और एयरपोर्ट अधिकारियों ने पायलट की सूझबूझ की जमकर सराहना की, जिसकी वजह से एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल, विमान को ग्राउंड कर दिया गया है और इंजीनियरिंग टीम नुकसान का आकलन कर रही है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने मामले की जांच शुरू कर दी है और बर्ड हिट के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Related Post