Breaking
Sat. Mar 28th, 2026

सरायकेला-खरसावां में पुलिस का सौ स्थानों पर विशेष छापामारी अभियान, 25 अपराधी गिरफ्तार

सरायकेला।सरायकेला-खरसावां जिले में अपराध नियंत्रण और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने बीती रात एक बड़ा अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में 167 पुलिसकर्मियों की 24 टीमों ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक खुद क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर पूरे अभियान की निगरानी कर रहे थे। अभियान का मुख्य उद्देश्य विभिन्न कांडों में वांछित अपराधियों और वारंटियों की गिरफ्तारी तथा आरोपपत्रित अपराधियों का सत्यापन करना था।

पुलिस टीमों ने रातभर जिले के 100 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान 25 वांछित अपराधियों और वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही, 109 अपराधियों का भौतिक सत्यापन भी किया गया, जिनमें से कई गंभीर मामलों जैसे आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, हत्या, उत्पाद अधिनियम, संपत्ति संबंधी अपराध और नक्सल कांडों में आरोपित हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

गिरफ्तार किए गए अपराधियों में सरफाजुल हक, अमुल्य दास, गाजी नायक, साकेत जैन, सद्दाम हुसैन, रोहिना गोप, राजकुमार गोप, मोटा उरांव, रतन नाग, माहिपाल सिंह उर्फ पप्पु, विभिषण रविदास, नुनू नायक, सुकरा नायक, रासु गोडसोरा, ठाकुर नायक, आनंद सरदार, आजादी हेम्ब्रम, मोटका सोय, जय सिंह मुण्डा, रानी मुण्डाईन, साजिद अंसारी, श्याम सुंदर सिंह, बिरबल सिंह, मंटु मंडल और भूषण पहाड़िया के नाम शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अपराध और अपराधियों पर नियंत्रण के लिए आगे भी इसी तरह के अभियान चलाए जाएंगे, ताकि जिले में कानून व्यवस्था बनी रहे और आम जनता को सुरक्षा का एहसास हो सके। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में सकारात्मक संदेश गया है।

Related Post