Breaking
Fri. Oct 23rd, 2026

टाटा स्टील गेट के पास झोपड़ी ढाबे में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान

गम्हरिया।सरायकेला जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र में टाटा स्टील गम्हरिया के एक नंबर और दो नंबर गेट के बीच स्थित झोपड़ीनुमा ढाबे में रविवार की सुबह लगभग 3 बजे भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरा ढाबा जलकर राख हो गया। इस हादसे में ढाबे का सारा सामान, मजदूरों के सेफ्टी आइटम्स और पास की एक गुमटी भी आग की चपेट में आ गई और पूरी तरह स्वाहा हो गई।

ढाबा मालिक चंदेश्वर सिंह ने इस घटना को सुनियोजित साजिश करार दिया है। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले उन्हें रंगदारी के लिए लालबाबू यादव और उसके बेटों भीम और अर्जुन द्वारा धमकाया गया था और उन पर जानलेवा हमला भी किया गया था। इस संबंध में उन्होंने गम्हरिया थाने में प्राथमिकी भी दर्ज कराई थी। घटना के समय चंदेश्वर सिंह गोरखपुर में अपने एक रिश्तेदार के इलाज के सिलसिले में गए हुए थे।

चंदेश्वर सिंह ने दावा किया कि ढाबे में रखे ट्रक, मजदूरों के सेफ्टी आइटम्स, फर्नीचर और अन्य सामग्री पूरी तरह जलकर खाक हो गई है, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। गम्हरिया पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं और प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने बताया कि मामले में सभी संभावित एंगल से जांच की जा रही है और पीड़ित द्वारा लगाए गए आरोपों की भी पुष्टि की जाएगी।

Related Post