Breaking
Tue. Mar 3rd, 2026

सारंडा के जंगल में नक्सलियों ने IED विस्फोट, झारखंड जगुआर के जवान घायल

चाईबासा:पश्चिम सिंहभूम जिला स्थित छोटानागरा थाना क्षेत्र के कुलापाबुरू, दलाईगढ़ा और मरांगपोंगा के जंगली/पहाड़ी इलाके में सोमवार को नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) विस्फोट में झारखंड जगुआर बम निरोधक दस्ता के आरक्षी 101 मनोज कुमार दमाई घायल हो गए। घायल जवान की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

चाईबासा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा (माओवादी) के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया, अश्विन, पिंटु लोहरा, चंदन लोहरा, अमित हांसदा उर्फ अपटन, जयकांत और रापा मुंडा अपने दस्ते के साथ सारंडा और कोल्हान क्षेत्र में विध्वंसक गतिविधियों के लिए सक्रिय हैं। विश्वसनीय सूचना के आधार पर चाईबासा पुलिस, कोबरा 203 एवं 209 बटालियन, झारखंड जगुआर, सीआरपीएफ 26, 60, 134, 174, 193, 197 बटालियन की संयुक्त टीम द्वारा 4 मार्च 2025 से लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इसी अभियान के दौरान सोमवार सुबह करीब 10:45 बजे नक्सलियों द्वारा पूर्व में लगाए गए आईईडी में विस्फोट हुआ, जिसकी चपेट में आकर बम निरोधक दस्ते के आरक्षी मनोज कुमार दमाई घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस बल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल जवान को प्राथमिक उपचार के बाद हेलीकॉप्टर से रांची भेज दिया, जहां उनका उच्चस्तरीय इलाज चल रहा है।

पुलिस मुख्यालय, झारखंड रांची और सीआरपीएफ झारखंड सेक्टर के सहयोग से चलाए जा रहे इस संयुक्त अभियान के तहत क्षेत्र में लगातार तलाशी और सर्च ऑपरेशन जारी है। पुलिस का कहना है कि नक्सल विरोधी अभियान आगे भी जारी रहेगा और क्षेत्र में विध्वंसक गतिविधियों को रोकने के लिए सुरक्षा बल पूरी तरह सतर्क हैं।

Related Post