जमशेदपुर।पूर्वी सिंहभूम जिले के धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-18 पर गुरुवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसे में ट्रेलर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा कदमबेड़ा स्थित गजानन फैक्ट्री के सामने हुआ, जब एक भारी-भरकम ट्रेलर और एक कार क्रमशः दुर्घटनाग्रस्त हो गए।
जानकारी के अनुसार, ट्रेलर (नंबर जेएच 09 बीई 8348) मेसर्स दुर्गा ट्रांसपोर्ट, चास बोकारो स्टील सिटी का था और उसमें स्टील की भारी प्लेटें लदी थीं। वह बहरागोड़ा की ओर जा रहा था। रात करीब 2 से 3 बजे के बीच ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया और सड़क पर पलट गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर का केबिन बुरी तरह पिचक गया और उसमें दबकर चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद लदी हुई स्टील प्लेटें सड़क पर फैल गईं, जिससे रास्ता अवरुद्ध हो गया।
इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार (जेएच 01 डब्ल्यू 9027) भी ट्रेलर के पिछले हिस्से से टकरा गई और सड़क किनारे बनी एक झोपड़ी में जा घुसी। कार में स्थानीय निवासी सवार था जिसे मामूली चोटें आईं। परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को अपने साथ ले गए।
हादसे की सूचना मिलते ही धालभूमगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रेलर चालक के शव को कब्जे में लेकर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया। पुलिस फिलहाल मृत चालक की पहचान में जुटी है और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

