Breaking
Wed. Mar 4th, 2026

आठ महीने बाद सरायकेला पुलिस ने स्कॉर्पियो चोरी का किया खुलासा, दो गिरफ्तार

सरायकेला।सरायकेला जिला पुलिस ने आठ महीने बाद पद्मश्री छुटनी महतो से जुड़े स्कॉर्पियो चोरी मामले का खुलासा किया है। इससे पूर्व छुटनी महतो ने मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर गाड़ी चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी।

 

एसपी मुकेश लुनायत ने प्रेस वार्ता में बताया कि आठ माह पूर्व कोलाबीरा निवासी रमजान अली के घर के पास से उनकी सफेद रंग की स्कॉर्पियो (JH05BS 2034) चोरी हो गई थी। चोरी की शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की।

 

इस दौरान वादी रमजान अली ने पद्मश्री छुटनी महतो से भी इस मामले को वरीय अधिकारियों तक पहुंचाने का अनुरोध किया। इसके बाद छुटनी महतो ने मुख्यमंत्री आवास जाकर मामले की गहन जांच की मांग की। उल्लेखनीय है कि रमजान अली की स्कॉर्पियो पर छुटनी महतो भी यात्रा किया करती थीं। जब यह मामला सीएम आवास पहुंचा, तो इसकी गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी।

 

लगातार अनुसंधान के बाद पुलिस ने 8 महीने बाद इस चोरी में शामिल दो आरोपियों—धनबाद निवासी सुग्रीव कुमार और पलामू निवासी कवलधारी विश्वकर्मा—को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी हुई स्कॉर्पियो भी बरामद कर ली है।

 

इस खुलासे से पुलिस की तत्परता और अपराध नियंत्रण के प्रयासों की सराहना हो रही है।

Related Post