Breaking
Tue. Mar 24th, 2026

गाजीपुर सड़क हादसे में पप्पू यादव की भांजी सहित चार की दर्दनाक मौत

यूपी:गाजीपुर में प्रयागराज महाकुंभ से लौटते समय एक भीषण सड़क हादसे में पूर्णिया सांसद पप्पू यादव की भांजी डॉ. सोनी यादव सहित चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा गुरुवार रात करीब 10 बजे उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के बिरनो थाना क्षेत्र में हुआ। हादसे की खबर मिलते ही शोक में डूबे पप्पू यादव परिजनों को सांत्वना देते समय खुद भी फफक-फफक कर रो पड़े।

 

कार हादसे में चार की मौत

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे के शिकार लोगों में डॉ. सोनी यादव के अलावा उनकी बुआ गायत्री देवी, मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव विपिन मंडल और ड्राइवर सलाउद्दीन शामिल हैं। सभी लोग प्रयागराज में महाकुंभ स्नान कर लौट रहे थे, जब उनकी कार वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन हाईवे पर खड़े एक ट्रेलर से टकरा गई।

 

ड्राइवर को झपकी आने से हुआ हादसा

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे का कारण ड्राइवर की झपकी बताया जा रहा है। हादसे के समय ड्राइवर सलाउद्दीन को नींद आ रही थी, जिसके चलते उनके असिस्टेंट दीपक झा ने गाड़ी चलाना शुरू किया। इसी दौरान कार हाईवे पर सड़क किनारे खड़े गिट्‌टी लदे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस भीषण दुर्घटना में डॉ. सोनी के असिस्टेंट दीपक झा गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

पप्पू यादव की भावुक प्रतिक्रिया

 

अपनी भांजी की मौत की खबर सुनने के बाद पप्पू यादव ने सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए लिखा, “मेरे चचेरे बहनोई श्री दुर्गा यादव जी की बेटी और मेरी चचेरी भांजी डॉ. सोनी यादव का असमय निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। इस दुख को शब्दों में व्यक्त करना असंभव है। एक होनहार, संवेदनशील और कर्मठ बेटी इतनी जल्दी दुनिया से चली जाएगी, यह सोचना भी मुश्किल है।”

 

इस हादसे ने न सिर्फ पप्पू यादव और उनके परिवार को, बल्कि पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है।

Related Post